April 24, 2024

पिछली बैठक में मंत्रियों को दी थी दो टूक समझाइश- जनता के बीच जाएं तो अहंकार न झलके, कार्यकर्ताओं से मेलजोल में मंत्री वाली ठसक न बताएं

ब्रह्मास्त्र भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने आज भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में अहम बैठक बुलाई है। इसमें मिशन 2023 पर फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत पूरी कैबिनेट मौजूद रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और उनकी टीम (प्रदेश पदाधिकारी) को भी बुलाया गया है। माना जा रहा है कि पिछले माह राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष द्वारा ली गई बैठक में दिए निर्देशों पर कितना अमल हुआ है, शिवप्रकाश इसका फीडबैक लेंगे।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी काफी वक्त है, लेकिन भाजपा अभी से तैयारियों में लगी है। मिशन 2023 को देखते हुए पार्टी ने पहली बैठक 24- 25 नवंबर को बुलाई थी। इसके बाद 29 नंवबर को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने भोपाल में मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठक ली थी।
इस दौरान उन्होंने मंत्रियों को दो टूक समझाइश भी दी कि वे जनता के बीच जाएं, तो अहंकार न झलके, इसका विशेष ख्याल रखें। कार्यकर्ताओं के साथ मेल-जोल में भी मंत्री ठसक में न रहें। गंभीरता से उनकी बात सुनें और समस्या का समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि वे जहां भी जाएं, तो कार्यकर्ताओं से मुलाकात के लिए अलग से समय निकालें।
मंत्रियों से यह भी कहा था कि पार्टी कार्यालय जाकर बैठक लें। स्थानीय पदाधिकारियों से बातचीत कर जिले और विभाग की समस्याओं को समझने का प्रयास करें। किसी भी कार्यकर्ता या कमजोर वर्ग के हितग्राही के यहां भोजन करें। बूथ से मंडल और जिले से प्रदेश स्तर पर संगठन को मंत्रियों से अपेक्षाएं हैं, उन्हें पूरा करें। साथ ही, ध्यान रखें कि राजधानी में रहें, तो पार्टी कार्यालय में भी समय दें। अब इसका पूरा फीडबैक लिया जाएगा।
इस बैठक से दो दिन पहले मुख्यमंत्री ने निगम-मंडलों में 16 अध्यक्ष व 9 उपाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। बैठक में नवनियुक्त अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को भी बुलाया गया है।