April 19, 2024

ब्रह्मास्त्र कन्नौज। खुशबू के शहर में खजाने की तलाश में आई जीएसटी की विजिलेंस टीम पिछले लगातार 60 घंटे से सर्च आॅपरेशन चला रही है। इस दौरान टीम के अफसरों को नींद लेना मुश्किल हो रहा है। कुछ हासिल करने की उम्मीद में लगातार काम में जुटे अफसरों को आंख झपकाने की भी फुर्सत नहीं मिल रही है। पीयूष जैन के मकान से देर रात तक चहलकदमी की आवाज बाहर आती है। साफ है कि सर्च आॅपरेशन में जुटे अफसर नींद नहीं ले रहे हैं। पहले कानपुर फिर अब कन्नौज में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर और कारोबारी ठिकाने पर खजाने की तलाश में जुटी जीएसटी की विजिलेंस की टीम शुक्रवार की दोपहर ही यहां आ गइ थी। उसी दिन शाम चार बजे टीम के सदस्य पीयूष जैन के मकान में दाखिल हुए थे। तब से अब तक 60 घंटे से भी ज्यादा समय गुजर चुका है।
विजिलेंस टीम का सर्च आॅपरेशन लगातार जारी है। इस दौरान टीम के अफसर लगातार अपने-अपने काम में लगे हुए हैं। ताला खुलवाने से लेकर दस्तावेजों की पड़ताल करने वाले लोग लगातार काम कर रहे हैं। विजिलेंस टीम के साथ ही उनकी मदद में शामिल यहां के लोकल पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिसकर्मी भी तब से लगातार उनके ही साथ हैं। जरूरी काम से बाहर आने वाले पुलिसकर्मी बताते हैं कि वह तो कुर्सी पर बैठकर नींद ले लेते हैं, लेकिन विजिलेंस टीम के सदस्य लगातार काम कर रहे हैं। रात होने पर जरूर कोई सदस्य थोड़ी देर के लिए ब्रेक ले लेता है, लेकिन वह तब भी काम से मुंह नहीं मोड़ता है। पहले दिन तो सिर्फ 12 अफसर ही टीम में शामिल थे। अब हर रोज इसकी संख्या बढ़ रही है।
कानपुर में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घरों से दौलत मिलने का सिलसिला जारी है। पहले कानपुर से 177 करोड़ रुपए नगद मिले, तो अब उनके कन्नौज वाले घर में भी खजाना मिला है। यहां रविवार को तीसरे दिन भी जैन के घर और फैक्ट्री में सीजीएसटी और आईटी की सर्चिंग जारी है। शनिवार देर रात मकान में एक तहखाना भी मिला। इसमें 250 किलो चांदी और 25 किलो सोने की सिल्लियां बरामद हुई हैं। चांदी की कीमत करीब पौने 2 करोड़ और सोने की कीमत साढ़े 12 करोड़ रुपए बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि तहखाने में नोटों से भरे 9 बोरे भी मिले हैं। इसमें ज्यादातर नोट दो हजार के हैं। बाकी 500 रुपए के नोट हैं। अभी इन्हें गिना नहीं जा सका है। नोट गिनने के लिए कानपुर से 7 मशीनें मंगाई गई हैं। इसके साथ ही बैंक अफसरों को भी बुलाया गया है। हालांकि, माना जा रहा है कि यह 50 करोड़ के करीब की नकदी है। एक झोले में सिर्फ चाभियां मिली हैं। कानपुर के बाद कन्नौज में जैन के घर से मिल रही नगदी और जेवरात की बरामदगी देखकर अफसर दंग हैं।