April 25, 2024

उज्जैन। 4 दिन पूर्व एक व्यक्ति की दो लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और मामले को छुपाने के लिए उसका शव जेसीबी से गड्ढा खोदकर गाड़ दिया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
माकड़ोन थाना क्षेत्र के ग्राम चिरड़ी निवासी राजाराम पिता कालूसिंह मोगिया 55 वर्ष 4 दिनों से लापता था परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मुखबिर से जानकारी मिली की राजाराम की हत्या कर दी गई है। दो लोगों ने उसका शव गड्ढा खोदकर ग्राम रूपा खेड़ी में गाड़ दिया है। जानकारी पर पुलिस रूपा खेड़ी पहुंची और रमेश पिता प्रेम सिंह के साथ उसके साडू सरदार पिता भेरूजी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। दोनों ने अपने घर के समीप बनी नाली के पास जेसीबी से गड्ढा खोदकर लाश दफनाना कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाला। मामले की जांच के लिए एफएसएल अधिकारी डॉ. प्रीति गायकवाड़ मौके पर पहुंची थी। मृतक के शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।