April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र भोपाल। वीर सावरकर की एक पुस्तक में गाय को लेकर कही गई कथित बातों को लेकर अब गाय पर सियासत शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा और संघ पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा के विचारक वीर सावरकर ने किताब में लिखा है कि गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं है। दिग्गी राजा के इस बयान पर जहां भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि दिग्विजय हिंदू- मुस्लिम दंगा कराना चाहते हैं। वहीं दिग्विजय सिंह के छोटे भाई कांग्रेसी विधायक लक्ष्मण सिंह ने भी दिग्विजय की इस बात को गलत बताते हुए कहा कि गाय हमारी माता है। उसका मांस खाने की बात तो दूर विचार करना भी पाप है।
दिग्विजय ने शनिवार को कहा कि सावरकर की किताब में लिखा है- हिंदू धर्म का हिंदुत्व के साथ कोई संबंध नहीं है। यह भी लिखा है कि गाय ऐसा पशु है जो खुद के मल में लोट लेती है। वह कहां से हमारी माता हो सकती है। उसका गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं है। यह सावरकर जी ने खुद कहा है, जो आजकल भाजपा और संघ के खास विचारक हैं।दिग्विजय कांग्रेस के जनजागरण अभियान में बोले रहे थे। बीच-बीच में वह कार्यकर्ताओं से पूछ रहे थे कि हाथ उठाकर बताओ, यह मालूम था या नहीं। उन्होंने कहा कि यह देश विविधता में एकता का देश है। यहां ऐसे भी हिंदू हैं जो गोमांस खाते हैं और कहते हैं कहां लिखा है कि गोमांस नहीं खाएं। अधिकांश हिंदू गौ हत्या के भी खिलाफ हैं। बहरहाल इसे लेकर बयानबाजी शुरू हो चुकी है।