March 29, 2024

उज्जैन। पोहा फैक्ट्री संचालक पर लगे दुष्कर्म के आरोप में समझौता करने के नाम पर 5 लाख की मांग करने वाले फरार भाजपा नेता शुक्रवार को पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उसके गिरफ्तारी पर 2 हजार का इनाम घोषित किया गया था। नागझिरी पुलिस ने कुछ माह पहले पोहा फैक्ट्री में महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के मामले में फैक्ट्री संचालक बंटी बिंदल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया था। पुलिस जांच में लगी थी कि संचालक के परिवार से भाजपा नेता शंकर अहिरवार और एक तथाकथित पत्रकार ने समझौता करने के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग करना शुरु कर दिया था। पैसे नहीं देने पर मामला बिगाडऩे की धमकी दी जा रही थी। संचालक की पत्नी ने मामले की शिकायत नागझिरी थाने पहुंचकर दर्ज कराते हुए भाजपा नेता का ऑडियो वायरल कर दिया था। पुलिस ने मामले में अजय चौहान और भाजपा नेता शंकरलाल अहिरवार के खिलाफ केस दर्ज करते हुए अजय को गिरफ्तार कर लिया था। भाजपा नेता फरार हो गया था। जिसकी गिरफ्तारी पर 2 हजार का इनाम पुलिस ने घोषित किया था। शुक्रवार को भाजपा नेता पुलिस की गिरफ्त में आ गया। जिससे पूछताछ की जा रही है। शनिवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा सकता है।