April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। तीन दिन से कड़ाके की ठंड के बाद कल से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब जनवरी के पहले हफ्ते में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
इसके पूर्व इंदौर में रात का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन कल सुबह से स्थिति बदल गई। सुबह ठंडक कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में अब बर्फबारी कम हुई है, जिससे मौसम में बदलाव आया है। अब अगले चार दिनों तक ठंड में कमी रहेगी। 26 दिसंबर के बाद बादल छाने के साथ मौसम ठण्डा रहेगा। मौसम वैज्ञानिक (एग्रीकल्चर कॉलेज) डॉ. एचएल खापड़िया ने बताया कि 19 दिसंबर से उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के कारण मौसम में परिवर्तन हुआ था। इस दौरान पश्चिम विक्षोभ बिहार तक आ गया था, जिससे मप्र के अधिकांश जिले शीतलहर की चपेट में थे। इस दौरान इंदौर में 19 व 20 दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस हो गया था। 21 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था।
इन तीनों दिन रात का तापमान भी 4 से 6 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन बुधवार से मौसम में परिवर्तन आया है। अब शीतलहर का असर चार दिनों तक पहले जैसा नहीं रहेगा। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी भारत एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है।
इस कारण अगले एक हफ्ते तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। शहरवासियों को ठंड का असर कम रहेगा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. पीके साहा के मुताबिक अभी तापमान और बढ़ेगा। जनवरी के शुरुआती दिनों में फिर शीत लहर शुरू होगी।