April 24, 2024

– कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर में किए दर्शन

– पहली बार संध्या आरती में शामिल हुए

ब्रह्मास्त्र उज्जैन। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल उज्जैन प्रवास के दौरान कल देर शाम उज्जैन आते ही सबसे पहले महाकाल दर्शन करने पहुंचे। राज्यपाल आज बुधवार को यहाँ होने वाले विक्रम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे।

राज्यपाल को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस व प्रशासन के अधिकारी उन्हें मंदिर लेकर पहुंचे थे। राज्यपाल ने नंदीहॉल में बैठकर पूजन-अर्चन किया। इसके पूर्व गर्भगृह के बाहर बनी देहरी तक जाकर भगवान महाकाल को प्रणाम कर आशीर्वाद भी लिया। महाकाल मंदिर के पुजारी प्रदीप गुरु ने मंत्रोच्चार कर राज्यपाल का। नंदीहॉल में बैठकर पूजन कराया। राज्यपाल के साथ उनके निजी सहायक भी मंदिर पहुंचे थे। सभी ने मास्क लगाए रखा था।मंदिर प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ सहित अन्य अधिकारियों ने राज्यपाल की अगवानी की। पूजन के पश्चात महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने राज्यपाल का स्वागत कर उन्हें महाकाल का स्मृति चिह्न प्रदान किया। इसके बाद राज्यपाल संध्या आरती में शामिल हुए। उन्होंने पूरी आरती नंदीहॉल में बैठकर देखी। राजपाल आज विक्रम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे तथा विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगे।