April 24, 2024

– सहायक प्रशासक को मौके पर बुलाकर मार्ग बनाने को कहा  बिजली चालू कराई

ब्रह्मास्त्र उज्जैन। महाकाल मंदिर के बाहर मुख्य प्रवेश द्वार पर सती माता मंदिर पर जाने का मार्ग ही निर्माण कार्यों के चलते बंद हो गया था। इसके चलते पुजारी मंदिर तक जाकर आरती-पूजा तक नहीं कर पा रहा था। बिजली लाइन काटने से अंधेरा हो रहा था।

विश्व हिंदू परिषद को इसकी जानकारी लगी तो शुक्रवार को पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध कर मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल को बुलाया और समस्याओं से अवगत कराया। जूनवाल ने हाथोहाथ मंदिर की बिजली की लाइन जुड़वाई और पहुंच मार्ग भी बनाने के निर्देश दिए। विहिप के जिला मंत्री मनीष रावल ने बताया कि प्रशासन से सती माता मंदिर को मूल स्थान ने नहीं हटाए जाने की भी मांग की गई है। यह मंदिर अति प्राचीन होकर मंदिर के मुख्य द्वार पर स्थित है। मंदिर समिति द्वारा इसे सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण के नाम पर मूल स्थान से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।जिला संयोजक अंकित चौबे, सह संयोजक पिंटू कौशल, विनोद शर्मा, महेश तिवारी, रोहित सिंह शेखावत, महेंद्र सिंह बघेल, सुमित पांडे, पंकज जाटव, पुरुषोत्तम पटेल आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया व मांग की कि सती माता मंदिर को मूल स्थान पर ही रहने दिया जाए। इसके आसपास विस्तारीकरण व सौंदर्यीकरण किया जा सकता है। सभी जरूरी व्यवस्थाएं होने के बाद विहिप पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने यहां सती माता की महाआरती भी की।