April 20, 2024
उज्जैन। आज सुबह सड़क किनारे जला हुआ शव देखकर भैरवगढ़ क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की जिंदा जलाकर हत्या की जानकारी लगते ही पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के 2 साथी अस्पताल में भर्ती होना सामने आए हैं जिन पर हत्या का शक जताया जा रहा है।
ग्राम बांसखेड़ी से सेमलिया बीवी की और जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का लोगों ने शत प्रतिशत हालत में जला हुआ शव देखा तो भैरवगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। जांच के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। मृतक की शिनाख्त गोपी पिता अंबाराम निवासी ग्राम चीरनिया महिदपुर के रूप में हुई है।  एएसआई पंचोली के अनुसार  घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम और खोजी डॉग को सूचना दी गई है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मामले का खुलासा होगा।
2 साथी अस्पताल में भर्ती मिले
शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच और मृतक के परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद सामने आया कि गोपी रात को अंतर सिंह और उसके भाई जीवन के साथ निकला था। पुलिस ने दोनों की जानकारी जुटाई तो दोनों अस्पताल में भर्ती होना सामने आए। दोनों से पूछताछ की जा रही है आशंका है कि दोनों ने मिलकर गोपी को जलाया है। घटनास्थल पर बाइक भी जली हुई हालत में मिली है। दोनों घायल साथी पुलिस को बरगलाने का काम कर रहे हैं। एक झुलसा हुआ है दूसरे के सिर में चोट लगी है। रात में ही दोनों के परिवार उन्हें अस्पताल लेकर पहुंच गए थे। जल्द पुलिस मामला स्पष्ट करेगी।