March 28, 2024

ब्रह्मास्त्र उज्जैन। सुसनेर विकासखंड के ग्राम दीवानखेड़ी निवासी फौजी बनवारीलाल राठौर 29 वर्ष की उम्र में देश की सेवा करते करते मणिपुर में शहीद हो गए हैं। बता दे कि शहीद जवान गांव दीवानखेड़ी के पूर्व सरपंच रामदयाल राठौर के इकलौते पुत्र हैं। शहीद होने की सूचना के बाद परिवार में शोक छा गया। परिवार के सदस्यों को बनवारीलाल की इस शहादत पर गर्व भी है कि वह देश की सेवा करते शहीद हो गए हैं। बनवारीलाल का 3 मार्च 2013 को श्रीमती सुनीता राठौर से विवाह हुआ था। इनके दो बच्चे हैं एक हर्ष उम्र 5वर्ष, जिगर 8 माह है। बनवारीलाल वर्ष 2010 में इंडियन आर्मी में भर्ती हुए थे। तभी से वे देश की सेवा कर रहे थे। जानकारी के अनुसार बनवारीलाल मणिपुर में पहाड़ी पर जमी बर्फ को जेसीबी से हटा रहे थे, इसी दौरान जेसीबी का संतुलन बिगड़ जाने से यह हादसा हो गया। कल रविवार की शाम को शहीद का पार्थिव शरीर अपने पैतृक गांव दीवान खेड़ी पहुंचेगा।