April 24, 2024

– विवाद पर भर्तृहरि गुफा के महंत रामनाथ महाराज ने कहा  

ब्रह्मास्त्र उज्जैन।  उज्जैन के प्रसिद्ध गढ़कालिका मंदिर में कुछ बाहरी लोग अनाधिकृत रूप से पुजारी बनने का प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर नाथ सम्प्रदाय के उज्जैन में प्रमुख भर्तृहरि गुफा के महंत पीर योगी श्री रामनाथ महाराज ने स्पष्ट करते हुए कहा कि यहां नाथ सम्प्रदाय की परंपरा व नियम अनुसार ही दीक्षा के बाद पुजारी बनाया जाता है।

वर्तमान में मंदिर में पुजारी पद पाने के प्रयास में स्वर्गीय पुजारी दीपक नाथ की पत्नी टीना नाथ व उनके नाबालिक पुत्र को उन्हीं के रिश्तेदार लोग अनावश्यक ही परेशान कर रहे हैं। महंत पीर योगी श्री रामनाथ महाराज ने कहा गढ़कालिका मंदिर में प्राचीन समय से ही नाथ सम्प्रदाय के द्वारा ही आरती-पूजा आदि समस्त प्रकार की व्यवस्थाओं के संचालन हेतु पुजारी की नियुक्ति की जाती रही है। पूर्व में दीपकनाथ पुजारी थे। उनके स्वर्गवास के बाद उनकी पत्नी टीना नाथ वर्तमान में आरती-पूजन की व्यवस्था देख रही है। क्योंकि उनका पुत्र नाबालिक है। जब वह बालिक होगा तो उसे भर्तृहरि गुफा में महंतजी द्वारा दीक्षा देकर चादर विधि कर पुजारी बनाया जाएगा। पुजारी का चयन भी संपूर्ण संम्प्रदाय की सहमति से होता है। सहमति अखिल भारतीय भेश 12 पंथ नाथ सम्प्रदाय हरिद्वार के द्वारा पंचायती रूप से प्रदान की जाती है।