March 28, 2024
– हजारों लोग उमड़े, नवग्रह शनि मंदिर दर्शन की कतार
ब्रह्मास्त्र उज्जैन। शनिचरी अमावस्या पर्व के अवसर पर आज शनिवार को धार्मिक नगरी उज्जैन में पर्व स्नान हो रहा है। इंदौर रोड फोरलेन स्थित त्रिवेणी संगम पर शिप्रा में नहान के लिए हजारों लोग आ गए है। यहीं पर नवग्रह शनि मंदिर के भी दर्शन के लिए हजारों भक्तों का ताता लगा है।
कोरोना के सारे प्रतिबंध हटने के बाद यह पहला मौका है जब शनिचरी अमावस्या पर्व पर नहान व दर्शन पूजन आदि के लिए हजारों लोग यहां पहुंचें है। इसके लिए लोग एक दिन पहले ही यानी शुक्रवार से ही उज्जैन में आना शुरू हो गए थे और बाजार में भीड़ नजर आने लगी थी। ज्यादातर ग्रामीण अंचलों से श्रद्धालु यहां आए हैं जो त्रिवेणी संगम पर स्नान कर दान पुण्य कर शनि महाराज के दर्शन लाभ ल रहे है। प्रशासन ने भी नहान व दर्शन के लिए पहले से सारे इंतजाम किए हैं।
त्रिवेणी घाट पर नहान के लिए लगाए गए फव्वारें
घाट पर स्नान के लिए फव्वारे लगाए गए हैं। वहीं महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए भी सुविधा की गई है। बैरिकेट्स से होकर लोग शनि मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। वाहन पार्किंग व अन्य कई सुविधाएं भी की गई है। पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रहेगी। प्रशासन के अधिकारियों की भी कानून व्यवस्था बनाने के लिए ड्यूटी लगाई गई है।
शनि मंदिरों में भी आज कई धार्मिक आयोजन हो रहे
शनि अमावस्या पर नगर के प्राचीन शनि मंदिरों में भी श्रृंगार दर्शन, पूजन, आरती व प्रसाद वितरण के कई धार्मिक आयोजन दिनभर चल रहे है। नई पैठ शनि मंदिर में भी श्रृंगार दर्शन हो रहे है।