April 20, 2024
ब्रह्मास्त्र उज्जैन। सार्वजनिक स्थानों पर शराब चोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने 2 दिनों से अभियान चला रखा है। पिछले 12 घंटे में 65 को शराबखोरी करते पकड़ा गया। वही 17 लोगों को अवैध रूप से शराब बेचने और परिवहन करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
सप्ताह भर पूर्व हीरा मिल रोड पर इंजीनियर की हत्या के बाद सामने आया था कि नशे की मदहोशी में बेवजह तीन युवकों ने हत्या को अंजाम दिया है। उसके बाद से पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों और राह चलते लोगों से बेवजह विवाद करने वालों की धरपकड़ का अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक पुलिस ने शहर भर के थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब पीने वालों की धरपकड़ की है। इस दौरान 65 लोगों को पकड़ा गया। जिनके मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उनके खिलाफ आबकारी एक्ट अधिनियम 36 बी का केस दर्ज किया गया है। अभी हाल में पुलिस को 17 लोग अवैध तरीके से शराब का परिवहन और बेचते हुए मिले। जिनकी गिरफ्तारी कर आबकारी अधिनियम 34 का प्रकरण दर्ज किया गया। रविवार से शुरू किए गए अभियान में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी धरपकड़ की जा रही है। जहां पीने वालों से ज्यादा कच्ची जहरीली शराब का परिवहन करने वाले गिरफ्त में आ रहे हैं। भाटपचलाना थाना पुलिस ने ऐसे ही 7 लोगों को हिरासत में लिया था जो हाथ भट्टी से कच्ची जहरीली शराब बनाने का काम कर बेचने के लिए निकले थे। उन्हेल पुलिस ने ढाबों पर दबिश देकर रात के समय शराब परोसने वालों की गिरफ्तारी की थी।
इनका कहना
सार्वजनिक स्थानों पर रात के समय शराब पीकर असामाजिक तत्वों द्वारा राह चलते लोगों के साथ बेवजह विवाद किए जाते हैं। जिसके चलते कई बार बड़ी घटनाएं हो जाती है। इन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान शुरू किया गया है।
अमरेंद्रसिंह, एएसपी शहर