April 25, 2024

प्रियंका चोपड़ा और माधुरी दीक्षित के सेक्रेटरी रहे प्रकाश जाजू के बड़े भाई दीपक जाजू का शव रेलवे ट्रैक पर मिला

ब्रह्मास्त्र इंदौर। फिल्म फाइनेंसर और बिजनेसमैन प्रकाश जाजू के बड़े भाई दीपक जाजू का शव महू के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। दीपक जाजू का शव (65) बीमारी से परेशान थे। रविवार शाम वह घर से निकले थे। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। दीपक जाजू के छोटे भाई प्रकाश जाजू फिल्म एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित और प्रियंका चोपड़ा के सेक्रेटरी रह चुके हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता दीपक जाजू का शव हरन्याखेडी के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। वह परिवार के साथ महू के पास कोदरिया गांव में रहते थे। दीपक संगीत से जुड़े थे। दीपक के दो बेटे अंकुर और अतुल है। अतुल बेंगलुरु में रहकर आईटी कंपनी में नौकरी कर रहा है। पुलिस के मुताबिक संभवत: बीमारी की वजह से वह डिप्रेशन में थे।

प्रियंका और प्रकाश ने कराया था एक-दूसरे पर केस

वर्ष 2004 में प्रियंका चोपड़ा ने प्रकाश जाजू पर केस दर्ज कराया था। इसमें अभद्र भाषा और एसएमएस के साथ अंडरवर्ल्ड से धमकी की शिकायत की थी। इसके बाद 2007 में प्रकाश जाजू ने प्रियंका के पिता के खिलाफ इंदौर कोर्ट में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। प्रकाश जाजू का कहना था कि प्रियंका के पिता ने उन्हें सैलरी नहीं दी। उन्होंने प्रियंका के खिलाफ भी केस लगाया था। मामले में 20 अगस्त 2007 को प्रियंका के पिता अशोक चोपड़ा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी निकला था। बाद में प्रियंका के निवेदन पर केस को निचली अदालत की जगह हाईकोर्ट की इंदौर बेंच को सौंप दिया गया। हाईकोर्ट ने प्रियंका को आरोपों से बरी कर दिया था।