March 29, 2024
ब्रह्मास्त्र उज्जैन।  महाकाल की अगहन माह में निकलने वाली शाही सवारी सोमवार को शाम 4 बजे नगर भ्रमण पर निकलेगी। भगवान चन्द्रमौलेश्वर स्वरूप में अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए शाही ठाट-बाट से निकलेगी।
सवारी शुरू होने से पहले मंदिर के सभामंडप में चन्द्रमौलेश्वर का पूजन-अर्चन होने के पश्चात अपनी प्रजा का हॉल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र  बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजित चन्द्रमौलेश्वर को सलामी देंगे। उसके बाद राजाधिराज महाकाल की शाही सवारी अपने परंपरागत मार्ग मंदिर से चलकर गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाडी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। वहॉ क्षिप्रा के जल से भगवान चन्द्र मौलेश्वर के अभिषेक उपरांत सवारी रामघाट से  गणगौर दरवाजा,  कार्तिकचौक,  सत्यनारायण मंदिर,  टंकी चौराहा, तेलीवाड़ा, कंठाल चौराहा, सतीगेट, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार होते हुए पुन: महाकाल मंदिर पहुंचेगी। सवारी में आगे तोपची, कडाबीन, पुलिस बैण्ड, घुडसवार दल, सशस्त्र पुलिस बल के जवान नगर वासियों को बाबा के आगमन की सूचना देते चलेंगे। मन्दिर प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने बताया कि सभी को मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाये रखना अनिवार्य रहेगा।