April 16, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। आयकर विभाग ने गुरुवार को खनन व केबल कारोबार से जुड़े डिजियाना ग्रुप और कोचिंग कौटिल्य एकेडमी के यहां छापे मारे। टीम 70 ठिकानों पर पहुंची, इसमें इंदौर के 50 स्थान हैं। टीम ने डिजियाना ग्रुप से जुड़ी विविध कंपनियों, पार्टनर और उनके दफ्तरों की जांच के लिए इंदौर, भोपाल के अलावा उत्तर प्रदेश, पं.बंगाल, मुंबई में दो-दो जगह, गुजरात में तीन जगह कार्रवाई की। बताया जाता है कि इस दौरान नकदी, ज्वेलरी और कई लॉकर का पता चला है। कौटिल्य एकेडमी में जांच के लिए टीमें भोपाल, सागर, ग्वालियर और जबलपुर भी पहुंची हैं। कम आय दिखाने के मामले में विभाग ने कौटिल्य ग्रुप डायरेक्टर श्रीद्धांत जोशी के इंदौर स्थित विद्यानगर घर के साथ ही कोचिंग की अलग-अलग शाखाओं पर हिसाब जांचा।
ये बात सामने आई है कि डिजियाना ग्रुप ने अपनी आय को विविध कंपनियों में लगाया है। पूरे ग्रुप और उनसे जुड़ी कंपनियों, डायरेक्टरों को जांच में लिया है। ग्रुप की अलग-अलग 12 कंपनियां हैं, जो रियल सेक्टर, खनन से लेकर सब्जी, फल बेचने तक का कारोबार करती हैं, इसलिए डिजियाना के साथ उमब्रा और पृथ्वी माइनिंग कंपनियां भी जांच के घेरे में हैं। ​​​​मिली जानकारी के मुताबिक उमब्रा कंपनी में सुखदेव सिंह घुम्मन के साथ करण सिंह ठाकुर, हेमंत ठाकुर, तेजिंदर पाल घुम्मन, मंथन दलोद्रा और मनीषी श्रीवास्तव भी हैं। इन सभी के यहां टीम ने कार्रवाई की। इन कंपनियों में गुडरिक ग्रुप के मोहन लुधियानी और घनश्याम लुधियानी जुड़े हैं। इन्हें भी जांच में लिया है। लुधियानी, ठाकुर व अन्य की 10 से ज्यादा कंपनियां हैं, जिसमें केशव व कमल नाचानी साथ हैं। आयकर विभाग की टीमें इन सभी को लिंक करते हुए छापे का दायरा बढ़ाते जा रही है।