April 18, 2024

टेंट लगवा कर शुरू कर दिए राम भजन…बाहर घर को पुलिस ने बेरीगेट लगाकर सारे रास्ते किए बंद

ब्रह्मास्त्र भोपाल। घुटना तोड़ू पॉलिटिक्स में दिग्विजय सिंह की चुनौती के बाद विधायक रामेश्वर शर्मा के घर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। दिग्विजय सिंह अपने समर्थकों के साथ रामधुन करने के लिए भाजपा विधायक के घर पहुंचने का ऐलान कर चुके हैं। उनका कहना है कि मैं तो रामधुन करने आ रहा हूं। आप में दम हो तो आपके ही कहे अनुसार घुटने तोड़ देना। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा घर के भीतर समर्थकों के साथ राम भजन कर रहे हैं। बाहर घर को पुलिस ने बेरीगेट लगाकर सारे रास्ते बंद किये। शायद कोशिश की जा रही है कि यदि दिग्विजय सिंह इस क्षेत्र में आए तो वह भाजपा विधायक के घर तक न पहुंच सकें। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा विधायक रामेश्वर के निवास पर 24 नवंबर को एक घंटे रामधुन करने के ऐलान किया था। इसके बाद पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक रामेश्वर शर्मा ने मालवीय नगर स्थित अपने निवास युवा सदन पर स्वागत द्वार तैयार कराया गया। इस पर रामधुन के साथ ही भगवान राम के चित्र के साथ जय श्री राम लिखा है। परिसर में करीब 1 हजार लोगों के बैठने के लिए टेंट लगाया गया है। साथ ही प्रसाद में बांटने के लिए पूरी, सब्जी और हलवा बांटने की तैयारी है। दरअसल, रामेश्वर शर्मा ने बयान में कहा था कि कांग्रेसी आए तो घुटने तोड़ देंगे। इस पर दिग्विजय सिंह ने चैलेंज किया था मैं घर आऊंगा, मेरे घुटने तोड़ दें। इसके बाद रामेश्वर शर्मा अचानक बैकफुट पर आते दिख रहे हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह के बयान के बाद उनके आगमन पर स्वागत सत्कार की तैयारी कर ली है।