April 24, 2024

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली। शुक्रवार, 19 नवंबर 2021 को कार्तिक शुक्ल पुर्णिमा पर आंशिक चंद्र ग्रहण हो रहा है। भारतीय समय अनुसार ये ग्रहण दिन में होगा, इस वजह से भारत में दिखाई नहीं देगा। केवल अरुणाचल प्रदेश के कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में 1 मिनट से भी कम समय के लिए हल्का सा ग्रहण दिखाई देगा। नासा की वेबसाइट के अनुसार ये आंशिक चंद्रग्रहण 3 घंटे 28 मिनट का रहेगा। जो 580 साल में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण है। भारतीय समयानुसार ग्रहण दोपहर 12.48 बजे से शुरू होगा और शाम 4.17 मिनट पर खत्म होगा।

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश के अतिरिक्त भारत में इस चंद्रग्रहण का सूतक नहीं रहेगा, इस ग्रहण की धार्मिक मान्यता नहीं रहेगी। जहां-जहां चंद्र ग्रहण दिखाई देता है, सिर्फ उन क्षेत्रों में ही सूतक जैसी धार्मिक मान्यताएं मान्य होती हैं।

भोपाल की खगोलविद् सारिका घारू ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के कुछ ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में शुक्रवार की शाम 4.17 बजे कुछ सेकंड्स के लिए आंशिक चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। इसके बाद पेनुम्ब्रल चंद्र ग्रहण शुरू होगा जो कि 5.33 मिनट तक रहेगा। पेनुम्ब्रल चंद्र ग्रहण में चंद्र के आगे धूल जैसी परत दिखाई देती है। इसका कोई ज्योतिषीय महत्व नहीं है, ना ही इसका कोई असर होता है।