April 25, 2024

हिंदूवादी नेता के विवाह समारोह के दौरान पथराव, तोड़फोड़, दो बाइक फूंकी; पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

ब्रह्मास्त्र खंडवा। सोमवार देर रात दो समुदाय के लोगों में पथराव हो गया। शहर के कंजर मोहल्ले में कुछ युवक पटाखे छोड़ रहे थे, इसे लेकर दूसरे समुदाय के युवकों से उनकी बहस हुई। ये इलाका संवेदनशील है, इसीलिए पुलिस पहले से ही अलर्ट थी। पुलिस ने रात 10 बजे पहुंचकर विवाद शांत करा दिया। लेकिन, इसके कुछ देर बाद एक समुदाय के लोग भगतसिंह चौक पर जमा हो गए। यहां हिंदू संगठन के नेता के मैरिज रिसेप्शन में पथराव कर दिया। दो बाइक फूंक दीं तो 5 कारें और 1 ऑटो में तोड़फोड़ कर दी।
दोनों ओर से चले पत्थरों में कई लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस के पास खड़े होकर भी कुछ लोग पत्थर चलाते दिखे। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर हालात संभाले। देर रात 2 बजे शहर में शांति की स्थिति बन सकी। SP विवेक सिंह ने खुद मोर्चा संभाला। हालात पर काबू पाने के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात किया गया। जिले के सभी थानों से पुलिस बल खंडवा के लिए बुलाया गया। रातभर से भगतसिंह चौक पर ही पुलिस बल तैनात है।
जान बचाकर भागे घराती-बाराती
भगत सिंह चौक पर हिंदू संगठन के नेता आकाश ठाकुर की शादी का रिसेप्शन चल रहा था। इसी दौरान कार्यक्रम में पथराव किया गया। पथराव के बाद भगतसिंह चौक पर कदम-कदम पर बड़े-बड़े ईंट के टुकड़े और पत्थर सड़क पर पड़े थे। यहां उपद्रवियों ने कांच की बोतलें भी फेंकी। इससे यहां तैनात कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
सड़क पर पड़े पत्थर, ईंट के टुकड़े और कांच की बोतलें।
एसपी विवेक सिंह ने बताया कि आतिशबाजी की बात पर हुए विवाद के बाद उपद्रव जैसी स्थिति बनी थी। कंजर मोहल्ले और भगत सिंह चौक पर पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। हालात नियंत्रण में हैं। लगातार इन दोनों क्षेत्रों में फोर्स मौजूद है।