April 25, 2024
ब्रह्मास्त्र उज्जैन। कार्तिक मास में भगवान महाकाल की आज सोमवार को दूसरी सवारी निकलेगी। भगवान चन्द्रमौलीश्वर  स्वरूप में रजत पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे।
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि सवारी के नगर भ्रमण से पूर्व सभामंडप में पूजन-अर्चन किया जायेगा। उसके पश्चात महाकाल पालकी में विराजित होकर अपनी प्रजा को दर्शन देने के लिये नगर भ्रमण हेतु प्रस्थान करेंगे। मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा भगवान को सलामी दी जायेगी। सवारी बडा गणेश मंदिर के सामने होते हुए हरसिद्धि मंदिर के समीप नृसिंह घाट रोड पर सिद्धआश्रम के सामने से होते हुए क्षिप्रा तट रामघाट पहुंचेगी।
रामघाट पर माँ शिप्रा के जल से होगा महाकाल का अभिषेक
रामघाट पर मां क्षिप्रा के जल से बाबा महाकाल का अभिषेक-पूजन  होगा। इसके पश्चात सवारी रामानुजकोट, हरसिद्धि पाल से हरसिद्धी मंदिर के सामने मॉ हरसिद्धि एवं बाबा महाकाल की आरती के पश्चात सवारी बडा गणेश मंदिर के सामने से होते हुए महाकाल मंदिर वापस आवेगी। मंदिर प्रबंध समिति प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने बताया कि भगवान महाकाल उज्जैेन नगर के राजाधिराज है।