April 16, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। कोरोना महामारी तो लगभग थम गई , लेकिन डेंगू ने इंदौर की नींद उड़ा रखी है। शहर में डेंगू के नए मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ रही है। अब फिर से हर रोज औसतन 14-15 नए मरीज मिल रहे हैं। शनिवार को 14 नए मरीज सामने आए हैं। इनके सहित शनिवार को कुल संख्या 909 हो गई। पिछले 12 घंटे में यह संख्या और बढ़ गई। इनमें एक्टिव मरीज बढ़कर 21 हो गए हैं जबकि 6 एडमिट हैं। मरीजों की संख्या तो सिर्फ सरकारी आंकड़ा है। वास्तविक संख्या इससे कई गुना अधिक है। बुखार, सर्दी- जुकाम के मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। नए मरीजों के घरों व आसपास के क्षेत्रों से लार्वा सैंपल लेकर छिड़काव किया जा रहा है। खास बात यह कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद भी मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही। इस साल जून से लेकर अक्टूबर पहले हफ्ते तक बारिश हुई। इसके चलते माना गया कि बारिश में कई स्थानों पर पानी की निकासी नहीं हुई, जिससे मच्छर पनपे व डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ी। अब बारिश का मौसम खत्म होकर एक महीना हो गया है लेकिन डेंगू के नए मरीज रोज सामने आ रहे हैं।