March 29, 2024

कार्यकारिणी घोषित करने में फंसे हुए हैं कई पेंच

ब्रह्मास्त्र इंदौर। भाजपा की चाहे जिला हो या फिर नगर इकाई, दोनों में ही डेढ़ साल से नई कार्यकारिणी गठित नहीं हो पाई है। बस जिला अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष ही सारे दायित्व संभाल रहे हैं। अब संगठन पर भी लगातार दबाव बनता जा रहा है कि आखिर दूसरे लोगों को पदाधिकारी मिलने का बनने का मौका क्यों नहीं मिल रहा है? हालांकि, दोनों अध्यक्ष भी चाहते हैं कि कार्यकारिणी गठित हो।
9 मई को इंदौर जिले के अध्यक्ष पद पर डॉ. राजेश सोनकर और नगर अध्यक्ष पद पर गौरव रणदिवे की नियुक्ति की गई थी। तब से ही कार्यकारिणी घोषित करने की कवायद हो रही है, लेकिन अभी तक कहीं न कहीं पेंच उलझते रहे हैं। पहले कहा जा रहा था कि नगर की कार्यकारिणी में विधायक रमेश मेंदोला ने पेंच डाल रखा है और वे गंगा पांडे को उसमें एडजस्ट कराना चाहते थे, लेकिन पांडे को युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में पहुंचा दिया गया। उसके बाद भी पेंच नहीं सुलझा। नगर में महामंत्री पद को लेकर भी उलझन है। शहर का हर गुट चाहता है कि महामंत्री उनका हो। ऊपरी तौर पर नगर अध्यक्ष रणदिवे का दावा है कि सूची तैयार है और उसे कभी भी घोषित किया जा सकता है। दूसरी ओर डॉ. राजेश सोनकर की कार्यकारिणी में भी महामंत्री का पेंच फंसा था, लेकिन वह भी दूर कर लिया गया है। वरिष्ठ नेताओं ने इस मामले को भी सुलझा लिया है। सोनकर का तो दावा है कि उनकी सूची तैयार है और नगर के चक्कर में ही अटकी पड़ी है। हालांकि अब कोरोना का उतना प्रभाव नहीं है और भाजपा उपचुनाव से भी फ्री हो चुकी है, ऐसे में एक बार फिर कार्यकारिणी घोषित करने की कोशिश शुरू हो गई है। एक बार और सूची के नामों पर वरिष्ठ नेताओं की सहमति ली जा रही है, ताकि बाद में विवाद न हो। नगर इकाई में महिला पदाधिकारी के नाम पर भी उलझन है।