March 28, 2024
– पहली बार वर्चुअल जुड़कर हुवा देश के 12 ज्योतिर्लिंग व प्रमुख मंदिरों में पूजा
– मुख्यमंत्री ने उज्जैन में संतो का सम्मान किया व  सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए
ब्रह्मास्त्र उज्जैन। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी ने केदारनाथ में आदि गुरू शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण कर भगवान केदार की पूजा की तो इसी समय पर उज्जैन में मुख्यमंत्री शिवराज ने महाकाल की पूजा की। देश मे पहली बार वर्चुअल जुड़कर एस साथ 12 ज्योतिर्लिंग व 4 ज्योतिषपीठों सहित कई प्रमुख मंदिरों में में पूजा की गई।
प्रारंभ में महाकाल मंदिर के प्रवचन हाल में संतों का सम्मान हुवा। मंदिर के पुजारी- पुरोहित व महाकालेश्वर वैदिक प्रशिक्षण व शोध संस्थान के बटुकों ने भाष्य सहित आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा रचित स्तोत्रों का वाचन किया। मुख्य‍मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केदारनाथ में चल रहे कार्यक्रम के साथ ही उज्जैन में भी संत समुदाय का सम्मान किया। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने महामण्डलेश्वर स्वामी शान्तिस्वरूपानंद,  महामण्‍डलेश्वर अतुलेशानंद सरस्वती, बाल योगी उमेशनाथ, स्वामी रंगनाथाचार्य, कांताचार्य, स्वामी आनंद जीवनदास महाराज, महंत विनीत गिरि महाराज, रामेश्वर दास, श्याम गिरि, अवधेश पुरी महाराज का शाल, श्रीफल, माला व महाकाल का चित्र भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नंदी हाल में पहुँचे और पूजन आरंभ किया। पूजन मुख्य रूप से महाकाल मंदिर में पुजारी प्रदीप गुरु ने कराया। पूजन के दौरान पुजारी घनश्याम शर्मा, विजय गुरु, यश गुरु, महेश पुजारी, पुजारी दिलीप गुरु, पुजारी बबलू गुरु पुरोहित लोकेंद्र व्यास, अशोक शर्मा, दीपक शर्मा सहित समस्त पुजारी, पुरोहित मौजूद थे। मुख्यमंत्री शिवराज ने नंदीहॉल में बैठकर प्रधानमंत्री  मोदी का उद्बोधन भी एलईडी पर लाइव सुना। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, मप्र जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष विभाष उपाध्याय सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य देखें
भगवान महाकाल का अभिषेक, पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल मंदिर के पीछे चल रहे। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत विकास और सौंदर्यीकरण कार्यो का अवलोकन किया और रुद्र सागर और त्रिवेणी संग्रहालय के समीप भगवान गोवर्धन का पूजा किया।
मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा की, मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी हुई
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य देखने के बाद ही त्रिवेणी संग्रहालय के पास गोवर्धन पूजा भी की। इस दौरान प्रवचन हाल में मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सांस्कृतिक  कार्यक्रम किए गए जिसमें नई दिल्ली से पधारी सुश्री सुधा रघुरामन द्वारा शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी गयी। प्रारंभ में सुश्री सुधारघुरामन तथा साथी कलाकारों तथा उज्जैन की प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था की निर्देशिका पल्लवी किशन का मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड ने शाल, श्रीफल व प्रसाद भेंट कर सम्मान किया। दूसरी प्रस्तुति में उज्जैन की प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था द्वारा शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी गई।