April 26, 2024

खंडवा, जोबट में भाजपा की अच्छी लीड, पृथ्वीपुर में भी आगे, रैगांव में कांग्रेस की बढ़त

ब्रह्मास्त्र खंडवा। मध्य प्रदेश में 1 लोकसभा सीट खंडवा तथा 3 विधानसभा सीटों जोबट, पृथ्वीपुर तथा रैगांव की मतगणना चल रही है। रैगांव को छोड़कर भाजपा की धनतेरस मनती नजर आ रही है। 10 बजे तक तो चारों सीटों पर भाजपा आगे थी, लेकिन अचानक रैगांव सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने 700 वोटों की बढ़त बना ली। वैसे किसी भी सीट पर कोई भी उलटफेर हो सकता है, लेकिन खंडवा पृथ्वीपुर और जोबट सीट भाजपा जीतती हुई नजर आ रही है। रैगांव में जरूर कांटा पकड़ है।

रैगांव से छठवे राउंड में कांग्रेस ने मारी बाजी

रैगांव सीट पर छठवें राउंड में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा ने भाजपा की प्रतिमा बागरी को 7 सौ वोटों से पीछे कर दिया है। सतना जिले की रैगांव सीट पर कांग्रेस 31 सालों से जीत नहीं सकी है। यह सीट पूर्व मंत्री जुगुल किशोर बागरी के निधन के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने बागरी परिवार को किसी को टिकट नहीं था। प्रतिमा बागरी को नए चेहरे के रूप में उतारा था। इस सीट पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और वीडी शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा के गढ़ में कांग्रेस की सेंध ने पूरे विंध्य में हलचल पैदा कर दी है।

खंडवा में भाजपा प्रत्याशी की लगातार बढ़त

खंडवा में पांचवें राउंड की गिनती के बाद भाजपा की कुल बढ़त 27 हजार पहुंच गई है। अब तक हुई काउंटिंग में बीजेपी को 1 लाख 64 हजार 70 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस को 1लाख 37 हजार 557 वोट मिले हैं। यह सीट भाजपा की परंपरागत सीट मानी जाती है, लेकिन इस बार खंडवा शहर से बीजेपी को निराशा मिल रही है। यहां कांग्रेस को ज्यादा वोट मिले हैं।

जोबट में भाजपा की लंबी बढ़त

जोबट में छठवें राउंड में भाजपा की सुलोचना रावत 4 हजार वोटों से कांग्रेस के महेश पटेल से आगे चल रही हैं।

पृथ्वीपुर में सामान्य बढ़त

पृथ्वीपुर में तीसरे राउंड में भाजपा 1947 वोटों से आगे। कांग्रेस नितेन्द्र सिंह राठौर- 3277 वोट मिले, जबकि बीजेपी शिशुपाल यादव 4133 वोट।

मतगणना की झलकियां

-खंडवा लोकसभा सीट के बुरहानपुर में मतगणना स्थल पर भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के पास कार्ड नहीं दिखने पर गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने रोका। कार्ड दिखाया तब अंदर जाने दिया गया। इसके पहले ज्ञानेश्वर पाटिल अपनी पत्नी जयश्री पाटिल के साथ सुबह 5 बजे बुरहानपुर के ऐतिहासिक रोकड़िया हनुमान मंदिर पहुंचे थे।
– कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पुरनी ने बुरहानपुर में मतगणना केंद्र के पास हनुमान मंदिर जाकर दर्शन किए।
-राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक जोबट विधानसभा सीट का परिणाम सबसे पहले आएगा। यहां 23 जबकि पृथ्वीपुर में 22 और रैगांव में 30 राउंड की काउंटिंग होगी। खंडवा लोकसभा के लिए 8 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान की गणना संबंधित जिला मुख्यालय में होगी। चारों सीटों में जोबट सीट पर सबसे कम 6 उम्मीदवार मैदान में हैं।
-चारों सीटों पर कुल 48 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। खंडवा में 16, रैगांव में 16, पृथ्वीपुर में 10 और जोबट में 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। चुनाव आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि चुनाव जीतने के बाद कोई भी उम्मीदवार विजयी जुलूस नहीं निकालेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी से जीतने का सर्टिफिकेट प्राप्त करने के दौरान भी उम्मीदवार के साथ सिर्फ 2 व्यक्ति साथ जा सकेंगे।
-खंडवा के नतीजे पर टिकी निगाहें
खंडवा लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि यह सीट सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा बनी हुई है। भाजपा ने खंडवा में ज्ञानेश्वर पाटिल को मैदान में उतारा, तो कांग्रेस ने राजनारायण सिंह पुरनी पर भरोसा जताया। दोनों ही दलों ने खंडवा में पूरी ताकत लगा दी। भाजपा की तरफ से जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत उनके कई मंत्रियों ने मोर्चा संभाला, तो कांग्रेस की तरफ से खुद कमलनाथ, अरुण यादव सहित तमाम दिग्गजों ने पुरजोर कोशिश की है।