April 25, 2024

कांग्रेस का आरोप : भाजपा वाले वोट पाने के लिए बांट रहे शराब

ब्रह्मास्त्र देवास। प्रदेश में एक लोकसभा और 3 विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव का शोर तो थम गया, परंतु अब दारू मतदाताओं के बीच पहुंचकर उन्हें चुनावी नशा करवाने लगी है। राजनैतिक पार्टियां एक-दूसरे पर शराब, साड़ी सहित अन्य सामग्री बांटकर वोटरों को लुभाने का आरोप लगा रही हैं। बागली में शराब से भरी गाड़ी पकड़े जाने पर कांग्रेस ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष और जिला महामंत्री पर शराब बांटने के आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने आरोपों को गलत बताया है। इसे लेकर कांग्रेस ने ट्वीट भी किया है। देवास जिले का बागली विधानसभा क्षेत्र खंडवा लोकसभा में आता है। बागली विधानसभा क्षेत्र के श्यामनगर में शराब से भरी गाड़ी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक पटेल व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने पकड़ा। काफी देर तक हंगामा भी हुआ। इसके बाद कांग्रेस ने कुछ वीडियो जारी किए। इसमें शराब की गाड़ी के साथ भाजपा जिला महामंत्री पोपेंद्र सिंह बग्गा और मंडल अध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दोनों नेता मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब बांट रहे हैं। जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने बताया कि उक्त मामले की शिकायत पुलिस से की है।
इधर, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि भाजपा धनबल का उपयोग करेगी। इसके लिए हमने पहले ही कार्यकर्ताओं को सचेत कर दिया था। गुरुवार को चापड़ा में शराब से भरा ट्रक पकड़ाया है। भाजपा के लोग खुलेआम उसे छुड़ाने के लिए वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। भाजपा के लोग शराब व नोट बांटकर वोट हथियाने का काम कर रहे हैं। उसकी में निंदा करता हूं। हमने कलेक्टर-एसपी को शिकायत की है।

आरोप गलत, हम तो बाद में गए थे
भाजपा जिला महामंत्री पोपेंद्र सिंह बग्गा ने कहा कि कांग्रेस झूठे आरोप लगा रही है। हम तो मौके पर बाद में गए थे। पहले कांग्रेस वाले वहां थे। शराब खुद बंटवा रहे हैं। आरोप हम पर लगा रहे हैं। जिला व प्रदेश पदाधिकारियों को सूचना दे दी है।

मप्र कांग्रेस ने किया ट्वीट- शिवराज शर्म करो

भाजपा नेता दारू के साथ पकड़ाए खंडवा लोकसभा क्षेत्र में देवास के बीजेपी के मंडल अध्यक्ष और जिला महामंत्री दारू के ट्रक के साथ पकड़ाए, जनता ने बीजेपी नेताओं को खदेड़ा। शिवराज जी थोड़ी तो शर्म करो, भारत लोकतांत्रिक देश है।