April 25, 2024

श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के डोडा में आज सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। जम्मू के ठथरी-डोडा मार्ग पर सुई ग्वारी में गुरुवार की सुबह हुई एक सड़क दुर्घटना में कम से कम आठ यात्रियों की मौत हो गई और करीब एक दर्जन से अधिक घायल होने की आशंका है। जानकारी के मुताबिक, एक मिनी बस के डोडा के पास खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने इस बात की जानकारी दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, एक मिनी बस ठथरी से डोडा की ओर जा रही थी, तभी चालक ने सुई ग्वारी में अपना नियंत्रण खो दिया और मिनी बस चिनाब नदी के किनारे एक गहरी खाई में गिर गई। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो वाहन में यात्रा कर रहे आठ यात्रियों के मारे जाने और दस से बारह लोगों के घायल होने की आशंका है। फिलहाल, लोगों को बचाने का कार्य जारी है। वहीं एक अन्य घटना में, हरियाणा के बहादुरगढ़ जिले के टिकरी बॉर्डर के पास आज सुबह एक ट्रक के टक्कर मारने से तीन महिला किसानों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गईं। पुलिस ने बताया कि हादसा पकोड़ा चौक पर हुआ, जहां महिलाएं बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन जाने के लिए आॅटो रिक्शा का इंतजार कर रही थीं।