April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। करवा चौथ व्रत का हिन्दू संस्कृति में विशेष महत्त्व है। इस दिन पति की लम्बी उम्र के लिए पत्नियां पूर्ण श्रद्धा से निर्जला व्रत रखती हैं। महिलाओं का यह निर्जला करवा चौथ व्रत शुरु हो चुका है। अब यह व्रत शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देने तथा चलनी में चंद्रमा या पति का चेहरा देखने के बाद ही समाप्त होगा। वैसे अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग परंपराएं हैं, जिनके हिसाब से यह व्रत किया जाता है। करवा चौथ पर इस वर्ष रात 11 बजकर 35 मिनट तक वरियान योग रहेगा। वरीयान योग मंगलदायक कार्यों में सफलता प्रदान करता है। साथ ही चंद्रमा पूरे समय रोहिणी नक्षत्र में रहेगा। इस नक्षत्र में चंद्रमा का पूजन करना बेहद ही शुभ माना जाता है। इसी के साथ ज्योतिष के अनुसार चतुर्थी तिथि को चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में विराजमान रहेगा। यह बात जिले के ज्योतिषाचार्य अवनीश सोनी ने कही है। उन्होनें बताया कि पहली बार करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए ये व्रत बहुत अच्छा है।

इंदौर में रात 8.56 बजे निकलेगा चांद

चांद दिखने का समय हर जगह के लिए अलग-अलग होता है। कहीं कुछ समय पहले चांद दिखाई देने लगता है, तो कहीं पर थोड़ा इंतजार भी कराता है। इस बार करवा चौथ पूजन के लिए शुभ मुहूर्त 24 अक्टूबर 2021 को शाम 06:55 से लेकर 08:51 तक रहेगा। वहीं करवा चौथ पर चंद्रोदय का समय रात 8 बजकर 11 मिनट है, लेकिन अलग-अलग स्थानों के हिसाब से चंद्रोदय का समय भी अलग होता है। करवा चौथ पर चंद्रोदय का समय इंदौर में 8 बजकर 56 मिनट है।