April 20, 2024

नकली पुलिस अफसर राजवीर सिंह के साथ मिलकर इंदौर – उज्जैन में कई लोगों को दिया झांसा

ब्रह्मास्त्र इंदौर। नकली पुलिस अफसर के मामले में नित नए खुलासे हो रहे हैं। यह नकली पुलिस अफसर रवि सोलंकी उर्फ राजवीर सिंह तथा इंदौर- उज्जैन की एक महिला तांत्रिक छोटू महाराज ने कई बड़े-बड़े गुल खिलाए हैं। छोटू महाराज की बड़ी करतूतें अब लगातार सामने आ रही हैं। भगवा वस्त्र पहनकर और पुरुषों की तरह रह कर लोगों को ठगने वाली इस छोटू महाराज और राजवीर सिंह ने ठगी के कई ऐसे तरीके अपनाए, जिसमें अंधविश्वासी लोग लगातार शिकार बनते चले गए। लगातार चल रहे घटनाक्रम से लगता है कि नकली पुलिस अफसर राजवीर सिंह और महिला तांत्रिक छोटू महाराज को लेकर जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी वैसे-वैसे कई और खुलासे होंगे तथा पीड़ित भी अब हिम्मत जुटाकर पुलिस तक पहुंचने लगेंगे।

पहले इंदौर में रहती थी शिप्रा में शादी हुई

महिला तांत्रिक छोटू महाराज का असली नाम सीमा नंदगिरी (50 वर्ष) है। वर्षों पहले इंदौर के आंबेडकर नगर में रहती थी। उसकी शादी इंदौर-देवास के बीच शिप्रा गांव में हुई थी। उसका एक बेटा और बेटी हैं, जिनकी शादी उसने कर दी है। इसके बाद वह पति से अलग रहने लगी।

पुरुष जैसा हुलिया, 3 जिंदा उल्लू आश्रम में मिले

वर्ष 2016 में सुपर कॉरिडोर स्थित एक आश्रम में उसने पुरुष जैसा हुलिया रख लिया। वहां रहने वाले महाराज से दीक्षा ली तभी से छोटू महाराज उर्फ सीमा तंत्र-मंत्र के काम करने लगी। वह 5 सालों तक पुरुष के रूप में रही। पुलिस की गिरफ्त में छोटू महाराज के साथ काम करने वाला विष्णु नामक आरोपी भी गिरफ्तार हुआ है। छोटू महाराज के आश्रम से तीन जिंदा उल्लू मिले हैं।

रवि को बेटा व आईपीएस अफसर बताकर देती थी झांसा

नकली पुलिस अफसर बने रवि सोलंकी उर्फ राजवीर और सीमा नंदगिरी के संबंधों को लेकर हुआ है। आश्रम में आने वालों को छोटू महाराज रवि को अपना बेटा और आईपीएस अफसर बताकर मिलवाती। एसपी आशुतोष बागरी के अनुसार आश्रम आने वाली युवती और युवकों को पुलिस और रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके लिए वह रवि सोलंकी को आगे करती। कई युवतियों को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ठगा गया है। एक मोची को भी रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 3 लाख रुपए ऐंठ लिए थे।

नकली अफसर ने एक दर्जन से ज्यादा महिलाओं से की ठगी

रवि के मोबाइल से जो एसएमएस और वॉट्सऐप चैटिंग पुलिस को मिली है, उसमें अब तक 10 से अधिक युवतियों के नाम सामने आए हैं, जिनसे नौकरी के नाम पर ठगी हुई है। वहीं मामले में दो महिलाएं भी पुलिस के सामने आई हैं। एक महिला से होमगार्ड बनाने के नाम पर एक लाख रुपए लिए थे। एक महिला को हवलदार बनाने के नाम पर दो लाख रुपए ले लिए।

ज्योतिषी कर चुका आत्महत्या दो आश्रम पर छोटू का कब्जा

तांत्रिक छोटू महाराज से परेशान होकर कुछ वर्षों पहले इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में पंजाब से आए ज्योतिषी ने आत्महत्या की थी। इस मामले में छोटू महाराज उर्फ सीमा का नाम भी सामने आया था। इसके बाद छोटू महाराज ने इंदौर और उज्जैन दोनों आश्रम पर कब्जा किया था। अब पुलिस आगे की छानबीन कर रही है। टीम जब छोटू महाराज के अड्डे पर मंगलवार को पहुंची और तलाशी ली। वहां तीन जिंदा उल्लू के साथ ही तंत्र क्रिया के भी बहुत सारे संसाधन मिले हैं। माना जा रहा है रवि और छोटू महाराज मिलकर लोगों को तंत्र क्रिया के नाम पर पर छलते थे।