March 29, 2024

उज्जैन। देवास रोड पर रात 2 बजे कार और बाइक की भिड़ंत में एक की मौत हो गई दूसरा गंभीर घायल है। दुर्घटना के बाद कार पलटी खा गई थी।

नरवर थाना पुलिस ने बताया कि दताना हवाई पट्टी के समीप रात 2 बजे के लगभग देवास की ओर से कार क्रमांक एमपी 09 डब्ल्यू एफ 1098 तेज गति से उज्जैन की ओर आ रही थी। बाइक पर सवार अर्जुन पिता फूल सिंह परमार 38 वर्ष और तेजाराम परमार 35 वर्ष निवासी ग्राम सिलारखेड़ी नरवर बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक के दो टुकड़े हो गए और कार पलटी खा गई। सूचना मिलते ही पुलिस  पर पहुंची थी। बाइक सवार अर्जुन परमार की मौके पर मौत हो गई थी। तेजाराम गंभीर घायल था। कार सवार दो लोगों को मामूली चोट लगी थी। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से कार में सवार दोनों लोग लापता हो गए। आज सुबह पोस्टमार्टम के दौरान सामने आया कि मृतक अर्जुन अमूल फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड था और तेजाराम फैक्ट्री में लैब टेक्नीशियन का काम करता है। दोनों रात को ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने घर जा रहे थे। मामले में मर्ग कायम करने के साथ सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।