April 18, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। नकली पुलिस अफसर ने एक के बाद एक कई गुल खिलाए हैं। उसका हर पाप अब सामने आ रहा है। एक और सामने आई है, जिसने बताया कि राजवीर उसे अंडरकवर एजेंट बताकर 40 लाख रुपए ठग चुका है।
एएसआई से एसआई और फिर आरोपी जल्द कमिश्नर बनने वाला था। जबकि उसे यह भी पता नहीं है कि कमिश्नर होता क्या है? ठगी के दौरान लोगों को जल्दी-जल्दी प्रमोशन होना बताकर भी वह महिला के संदेह के घेरे में आ गया था। वह अपने कमिश्नर बनने की खबर देता इसके पहले ही वह गिरफ्त में आ गया। शनिवार देर रात एसपी आशुतोष बागरी आरोपी से पूछताछ कर रहे थे। उनके सवालों के जवाब देते-देते वह बेहोश हो गया। उसके मुंह पर पानी छिड़ककर उसे उठाया गया। फिर से पूछताछ शुरू की। एसपी ने बताया कि आरोपी रवि सोलंकी उर्फ राजवीर ने दो अलग-अलग महिलाओं से ठगी की है। एक महिला को शादी का झांसा दिया, वहीं दूसरी महिला से 40 लाख रुपए ऐंठे। आरोपी के पकड़ाने के बाद दूसरी पीड़िता ने भी शिकायत दर्ज करवाई है।

दो महिलाओं को बनाया अपना शिकार

एसपी के अनुसार दूसरी पीड़िता सक्षम परिवार की है। कुछ माह पूर्व गाड़ी लेने गए आरोपी रवि ने महिला से दोस्ती की। दोनों की दोस्ती गहरी होती गई। इसके बाद आरोपी महिला से रोज बात करता और उससे रुपए की मांग करता था। आरोपी उस महिला से 40 लाख रुपए ऐंठ चुका है। इसमें कभी क्रेडिट कार्ड के माध्यम से तो कहीं नकद रुपए भी लिया करता था।

मैं हूं अंडर कवर एजेंट

एसपी ने दोनों पीड़ित महिलाओं से यह जानकारी लेने की कोशिश की कि आरोपी रवि दोनों महिलाओं को किस बात को लेकर झांसा दे रहा था, जिसमें सामने आया कि समृद्ध परिवार की महिला को वह गाड़ी खरीदने के दौरान मिला था। दूसरी पीड़ित महिला को हमेशा यह अंडर कवर एजेंट बताता था। 15 दिन पहले दिल्ली जाने की बात कही थी। बताया था कि यह सीधे रिपोर्ट गृह मंत्रालय में करता है।

दो करोड़ मांग रहा था महिला से

थाना प्रभारी तहजीब काजी के अनुसार दूसरी पीड़ित महिला से आरोपी द्वारा दो करोड़ रुपए की जरूरत की बात भी सामने आई है। जहां पर महिला द्वारा 40 लाख दिए जाने की बात कही गई थी। वहीं, अपने आप को गृह मंत्रालय दिल्ली में पदस्थ बता कर आरोपी अबतक 40 लाख रुपए हड़प चुका है। अमीर बनने के लिए उसे 2 करोड रुपए की जरूरत थी, लेकिन इतना रुपया दोनों महिलाओं के पास नहीं था।

12 वीं पास आरोपी ने प्रशिक्षण लेकर की ठगी

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह केवल 12वीं पास है। उसने इंदौर के एक प्राइवेट इंस्टिट्यूट से रिलेशनशिप मैनेजर का कोर्स किया है। इस कारण से वह किसी को भी अपने बातों के जाल में फंसा देता है। इस तरह से बात करता है कि कोई व्यक्ति समझ नहीं पाता था कि वह पुलिस अधिकारी नहीं है।