March 28, 2024

ब्रह्मास्त्र हरियाणा। किसान आंदोलन स्थल कुंडली में सिंघु बॉर्डर पर गुरुवार रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसे 100 मीटर तक घसीटा गया, एक हाथ काट दिया और शव को किसान आंदोलन मंच के सामने लटका दिया गया। युवक पर गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप है। हालांकि, इसे किसान आंदोलन को बदनाम करने की साजिश भी कहा जा रहा है। फिलहाल कुंडली किसान आंदोलन स्थल से जो बातें सामने आ रही हैं, उसमें युवक की हत्या निहंगों द्वारा करने की जानकारी दी जा रही है। घटना शुक्रवार तड़के 5 बजे की बताई जा रही है। कुंडली बॉर्डर पर सनसनी फैल गई, जब वहां संयुक्त किसान मोर्चा के मुख्य मंच के पास एक शव लटका मिला। शव का एक हाथ कटा हुआ है। पांचों उंगलियों के साथ पूरी हथेली काटकर अलग कर दी गई। गर्दन पर भी तेजधार हथियार से हमले के निशान हैं। सूचना के बाद कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार मौके पर पहुंचे। युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस फिलहाल मामले में ज्यादा जानकारी देने से बच रही है।