March 28, 2024

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली। त्योहारों से पहले आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत फिर बढ़ गई है। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए हैं।
दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर 899.50 रुपए का हुआ
इस बढ़ोतरी के बाद अब राजधानी दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपए से बढ़कर 899.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। वहीं 5 किलो वाला सिलेंडर अब 502 रुपए में मिलेगा। तेल कंपनियों ने एक अक्टूबर को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 43.5 रुपए प्रति सिलेंडर तक बढ़ाए थे।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इजाफा
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। दिल्ली में आज पेट्रोल के दाम में 30 पैसे और डीजल के दाम में 35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद यहां पेट्रोल 102.94 और डीजल 91.42 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इस महीने 5वीं बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है।