April 16, 2024

भोपाल। गुजरात में भाजपा ने मुख्यमंत्री क्या बदला, मध्य प्रदेश को लेकर भी चर्चाएं चल पड़ी। दिल्ली के राजनीतिक गलियारे में एक चर्चा चल रही है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बदले जा सकते हैं। हालांकि, निकट भविष्य में तो इसकी कोई संभावना नजर नहीं आ रही। हमेशा विवादों में घिरे रहने वाले कांग्रेसी दिग्गज दिग्गी राजा ने इस चर्चा को इंदौर में भुना कर जरूर तूल दे दिया है। उन्होंने इंदौर में कह दिया कि मप्र के मुख्यमंत्री बदलने की संभावना है। वैसे यह कयास तो तभी से लगाए जा रहे हैं, जब से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात यात्रा कर वहाँ के सीएम को चटका दिया था। इसके बाद उन्होंने मप्र की यात्रा भी की थी। बहरहाल मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री बदलेंगे या नहीं यह तो वक्त बताएगा । लेकिन, पिछले 15 दिनों से यह चर्चा प्रदेश की राजधानी से लेकर देश की राजधानी तक फुसफुसाई जा रही है। बात अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की करें तो विपरीत परिस्थितियों में भी शिवराज ने कई काम ऐसे किए हैं जो आसान नहीं थे, यानी शिव का राज अच्छा चल रहा है। फिलहाल तो वैसे ही खंडवा लोकसभा सीट के साथ ही मध्य प्रदेश की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। यानी फिलहाल तो सभी दूर चुनाव – चुनाव भी खेला जाएगा। ऐसी स्थिति में उन लोगों के पेट में मरोड़े जरूर पड़ सकती हैं जो बिल्ली के भाग से छींका टूटने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन की कोई संभावना नजर नहीं आ रही, इसके बावजूद भाजपा में आखिर किसका पेट दुख रहा है?