April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग में मध्यप्रदेश की 3 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनावों के लिए तारीख का ऐलान कर दिया है। खंडवा लोकसभा, रैगांव, जोबट और पृथ्वीपुर विधानसभा के लिए 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। 2 नवंबर को मतों की गणना होगी। नामांकन पत्र भरने का काम 1 अक्टूबर से शुरू होगा जो 8 अक्टूबर तक चलेगा। 13 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा कार्यालय जाकर पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। शिवराज कैबिनेट की बैठक मंगलवार को देर शाम मंत्रालय में होगी। इसमें आंगनबाड़ियों में बच्चों का पोषण आहार तैयार करने वाले प्लांट एमपी एग्रो से वापस लेकर महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। इसी तरह खाद्य विभाग के 4 लाख टन धान की नीलामी करने की अनुमति भी दी जा सकती है। मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार रात 7.30 बजे सभी मंत्रियों को बुलाया है। माना जा रहा है कि बैठक में उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री चर्चा करेंगे। साथ ही, जिन मंत्रियों को उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भेजा है, उनसे फीडबैक लेंगे। सीएम ने शुक्रवार को भी मंत्रियों के साथ बैठक की थी।