March 29, 2024

राजनीतिक व्देषतावश की जा रही कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कर रही कमिश्नर कार्यालय का घेराव

ब्रह्मास्त्र इंदौर। कमिश्नर कार्यालय पर आज पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का डंका बज रहा है। कांग्रेस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर रही है। पिछली बार जब कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया था तो पुलिस ने वाटर कैनन और लाठीचार्ज कर दिया था, जिसमें कई कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता घायल हो गए थे। इस बार इस घेराव का नेतृत्व दिग्विजय सिंह कर रहे हैं। शहर में चारों तरफ से कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता कमिश्नर कार्यालय पहुंच गए हैं। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का बड़ा जमावड़ा नजर आ रहा है।
इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने बताया कि जिस तरह भाजपा सरकार और प्रशासन हिटलर शाही करके कांग्रेसजनों पर लगातार प्रकरण दर्ज कर रही है। द्वेषतापूर्ण कार्यवाही कर कांग्रेस जनों को डराया जा रहा है,हम किसी से डरने वाले नही हैं। सडक पर उतरकर तानाशाही का विरोध करंगे। यादव ने कहा कि कांग्रेस जब अंग्रेजों से नही डरी तो भाजपा से क्या डरेंगी, हम भाजपा सरकार का जमकर मुकाबला करेंगे।

बगैर गंभीर आपराधिक प्रकरण के काट दिया जिलाबदर – राजू भदौरिया

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 में रहने वाले कांग्रेसी नेता राजू भदौरिया का पिछले दिनों एक भाजपा नेता से विवाद हो गया था। इसका परिणाम यूं नजर आ रहा है कि राजू भदौरिया पर जिलाबदर जैसी कार्रवाई कर दी गई है। श्री भदौरिया ने कमिश्नर कार्यालय के घेराव में आज सुबह सुखलिया स्थित बापट चौराहा से सुबह कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं की रैली कमिश्नर कार्यालय तक निकाली। इसके पूर्व राजू भदौरिया ने बताया कि बिना किसी गंभीर अपराधिक प्रकरण के राजनैतिक द्वेष के कारण मुझे जिलाबदर किया गया है। इस कार्यवाही को रद्द करवाने हेतु सभी के सहयोग की आवश्यकता है।