April 25, 2024

मुंबई के आतंकी जान मोहम्मद ने हथियार जमा करने का सौंपा था जिम्मा
ब्रह्मास्त्र मुंबई। देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए महाराष्ट्र एटीएसन ने जाकिर नाम के एक शख्स को मुंबई से पकड़ा है। जाकिर मुंबई के जोगेश्वरी इलाके का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि जाकिर का दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 6 आतंकियों संग संबंध था। जाकिर से पहले दिल्ली पुलिस ने मुंबई के रहने वाले जान मोहम्मद नाम के एक संदिग्ध आतंकी को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। महाराष्ट्र एटीएस और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हिरासत में लिए गए जाकिर से महाराष्ट्र एटीएस के मुंबई स्थित आॅफिस में पूछताछ जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, जान मोहम्मद ने जाकिर को हथियार और विस्फोटक मुंबई लाने के लिए कहा था।
जान मोहम्मद 20 साल से डी गैंग के संपर्क में था
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार जान मोहम्मद मुंबई के धारावी इलाके का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाला जान 20 साल से डी कंपनी के संपर्क में था। जान मोहम्मद शेख कर्ज में थे और उसे पैसे की जरूरत थी। एटीएस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा कि उसने कर्ज लिया था और टैक्सी ली थी लेकिन कर्ज नहीं चुका सका और डी-गैंग से दोबारा संपर्क किया।
आतंकी मुंबई में कर रहे थे धमाके की प्लानिंग
दिल्ली स्पेशल सेल के सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार 6 संदिग्ध आतंकी गणेशोत्सव के दौरान मुंबई समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में धमाके की प्लानिंग कर रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से पहले ही मुंबई रेलवे पुलिस यानी की जीआरपी को संभावित आतंकी हमले का अलर्ट मिला था। सेंट्रल जांच एजेंसी ने आगाह किया था कि आतंकी ट्रेन में गैस अटैक या फिर प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ को गाड़ी से रौंद सकते हैं। दिल्ली पुलिस की करवाई के बाद जीआरपी ने मुंबई के सभी बड़े रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी है और कुछ एंट्री और एग्जिट के रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं।