March 28, 2024

प्रस्तावित अत्याधुनिक कृषि उपज मंडी के निर्माण को गति प्रदान करने के संबंध में हुई बैठक

ब्रह्मास्त्र इंदौर। केलोद करताल में प्रस्तावित अत्याधुनिक कृषि उपज मंडी के निर्माण को गति प्रदान करने के संबंध में शुक्रवार को रेसीडेंसी कोठी में बैठक हुई।
बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि छावनी स्थित कृषि उपज मंडी को केलोद करताल स्थानांतरण कर स्मार्ट कृषि मंडी का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि उक्त स्मार्ट कृषि मंडी 104 एकड़ की भूमि पर बनाई जा रही है। विगत दिवस अपने अल्प प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए थे कि इंदौर में बनाई जा रही स्मार्ट मंडी का निर्माण बेहतर से बेहतर तरीके से किया जाए और इसे देश की श्रेष्ठ मंडी बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए थे कि इस संबंध में सभी संबंधित व्यापारियों से भी सुझाव प्राप्त किये जाए। इसी तारतम्य में आज की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में सभी संबंधित व्यापारीगणों से सुझाव प्राप्त किए गए। सभी व्यापारी बंधुओं ने सर्व सहमति से मुख्यमंत्री को धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इंदौर में बनाई जा रही स्मार्ट मंडी देश नहीं बल्कि विश्व स्तर पर प्रदेश को नई ऊंचाइयां दिलाएगी। व्यापारीगणों ने सुझाव दिया कि प्रस्तावित स्मार्ट कृषि मंडी में रेलवे और रोड कनेक्टिविटी प्रदान की जाए, साथ ही किसानों एवं व्यापारियों की सुविधा के लिए वेयर हाउस तथा कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था भी की जाए। किसानों के उत्पादन की रिफायनिंग तथा ई-बैंक सुविधा भी प्रदान की जाए।
विभिन्न प्रांतों की कृषि मंडियों की बेस्ट प्रैक्टिसेज को अपनाया जाएगा
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि व्यापारियों किसानों और हम्माल का प्रतिनिधिमंडल गठित किया जाए। देश के विभिन्न प्रांतों में जो सर्वश्रेष्ठ मंडी है उन्हें चिन्हित कर प्रतिनिधिमंडल को वहां भेजा जाए। इस तरह हम इंदौर में बनाई जा रही स्मार्ट कृषि मंडी में देश भर की मंडियों की बेस्ट प्रैक्टिसेज को जोड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह मंडी ना केवल आधुनिक होगी बल्कि सर्व सुविधायुक्त भी होगी।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर में बनायी जा रही स्मार्ट कृषि मंडी के बेहतर विकास के लिए कंसल्टेंट्स को नियुक्त किया गया है जिनकी सहायता से मंडी के निर्माण की कार्यनीति बनाई जा रही है।