March 29, 2024

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी 1 सितंबर को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं। दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रु. की बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में 14.2 किलो का एलपीजी सिलेंडर 884.50 रु. का हो गया है। वहीं, 19 किलोग्राम कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी 75 रु. का इजाफा किया गया है। इससे पहले 17 अगस्त को रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रु. की बढ़ोतरी की गई थी। यानी 15 दिन में ही गैर-सब्सिडी वाला सिलेंडर 50 रु. महंगा हो चुका है। दिल्ली में इस साल 1 जनवरी को एलपीजी सिलेंडर की कीमत 694 रु. थी। अब सिलेंडर की कीमत 884.5 रु. है। यानी कि जनवरी से अब तक 190.50 रु. घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं।
पिछले 7 सालों में गैस सिलेंडर की कीमत दोगुनी से ज्यादा हुई
पिछले 7 सालों में घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत दोगुनी होकर 884.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। 1 मार्च 2014 को 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 410.5 रुपए थी जो अब 884.50 रुपए है।
19 किग्रा वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए दाम
दिल्ली में 19 किग्रा कमर्शियल गैस की कीमत 1693 रुपए है। कोलकाता में कमर्शियल गैस सिलेंडर का भाव 1,772 रुपए, मुंबई में 1,649 रुपए और चेन्नई में 1,831 रुपए प्रति सिलेंडर है।