April 23, 2024
 – आदिम जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह भी पहुंची
– मुख्यमंत्री शिवराज सड़क मार्ग से आ रहे
उज्जैन। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती आज सुबह श्रावण मास के पहले सोमवार को धार्मिक नगरी उज्जैन आई। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले महाकाल मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
उन्होंने गर्भ गृह में जाकर भगवान महाकाल की पूजा अर्चना की। इसके बाद नंदीहाल में बैठकर कुछ देर ध्यान लगाया। आदिम जाति कल्याण विभाग की मंत्री मीना सिंह भी सुबह महाकाल के दर्शन करने के लिए पहुंची। उन्होंने बाहर से ही बाबा के दर्शन का लाभ लिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आज श्रावण मास के पहले सोमवार को महाकाल के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मौसम खराब होने की वजह से वे हेलीकॉप्टर की बजाय सड़क मार्ग से भोपाल से उज्जैन के लिए रवाना हुए। दोपहर में वे उज्जैन पहुंचेंगे व बाबा महाकाल के दर्शन पूजन करेंगे। इस दौरान वे मंदिर में आयोजित एक अनुष्ठान में भी शामिल होंगे।
देशभर से हजारों लोग उमड़े महाकाल के दरबार में
आज श्रावण के पहले दिन देशभर के श्रद्धालुओं का बाबा महाकाल के दरबार में ताता लगा है। सुबह 11 बजे तक ही आम दर्शन की अनुमति है। इसके बाद सवारी निकलने के बाद शाम को 7 से 9 के बीच दर्शन कराए जाएंगे। हजारों की संख्या में लोग दर्शन करने पहुंचे है। हालांकि मंदिर प्रबंध समिति ने प्री बुकिंग के जरिए दर्शन की व्यवस्था की है।