April 19, 2024

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को 8 राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त किए हैं। इनमें मोदी कैबिनेट में शामिल सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत का नाम भी शामिल है। उन्हें कर्नाटक का गवर्नर बनाया गया है। ये बदलाव तब हुआ है, जब मध्य प्रदेश भाजपा लीडर ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम अगले कैबिनेट विस्तार के लिए करीब-करीब तय हो गया है। 73 साल के थावर चंद 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लगातार उनकी कैबिनेट में शामिल रहे हैं। माना जा रहा है कि थावर चंद को राज्यपाल बनाकर मध्य प्रदेश कोटे से सिंधिया के लिए कैबिनेट में जगह खाली की गई है। हालांकि, सिंधिया का प्रोफाइल क्या होगा, ये अभी तय नहीं है। ये चर्चा जरूर है कि मोदी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपेंगे। अभी तक मध्य प्रदेश से मोदी कैबिनेट में 4 मंत्री थे। नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, थावर चंद गहलोत और फग्गन सिंह कुलस्ते।