April 25, 2024

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को मध्यप्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कमलनाथ के एक बयान का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। कहा, डेढ़ साल में आप भूल गए थे कि कांग्रेस की सरकारें कैसे चलती हैं। डेढ़ साल तक दक्षिणा और ट्रांसफर वाली सरकार आ गई थी। जब तक सीएम हाउस में माथा नहीं टेकते, काम नहीं होता था। मिशन, कमीशन में बदल गया था।बता दें, नड्‌डा इस बैठक में दिल्ली से वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने कहा- डेढ़ साल में ही आपको समझ में आया कि अंधेरे और उजाले में क्या फर्क होता है? अमावस्या और पूर्णिमा का क्या फर्क होता है? भ्रष्टाचार और ईमानदारी की सरकार कैसे चलती है? हर एक वर्ग को धोखे के सिवाय कुछ नहीं मिला। सिंधिया सही विचारधारा के थे, इसलिए हमारे साथ आए।कोरोना काल का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में सारी पार्टियां ICU में चली गईं। लेकिन भाजपा कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर मैदान में डटा रहा। कांग्रेस का इतना पतन हो गया है कि वह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते-करते देश की आलोचना करने लगती है। कमलनाथ ने पिछले दिनों कहा कि भारत महान नहीं, बदनाम है। यह कांग्रेस की मानसिकता है।भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक तीन साल बाद गुरुवार सुबह 11 बजे के बाद शुरू हो गई। प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा प्रदेश और संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित 27 पदाधिकारी बैठक में मौजूद हैं। बैठक के शुरुआत में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने कार्यकाल में किए गए कामों की जानकारी दी। बैठक में मुख्य रूप से कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए सरकार के प्रयासों व आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में वैक्सीन बनाने में 4- 4, 5 – 5 साल लगते थे। पीएम मोदी ने अप्रैल में टास्क फोर्स बनाई और देश को वैक्सीन मिल गई। मध्यप्रदेश ने वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनाया। कांग्रेस के पेट मे दर्द हो रहा है कि कैसे लगा दी? जयराम रमेश, पी. चिदम्बरम, दिग्विजय, कमलनाथ सब जुट गए, जनता के साथ धोखा किया। लेकिन हमने फिर 11 लाख से ज्यादा डोज लगाकर रिकाॅर्ड बना दिया।