March 29, 2024

वैक्सीनेशन केंद्रों पर लंबी-लंबी लाइनें, प्रोत्साहित करने के लिए इंदौर में बस में फ्री सफर ,उज्जैन में लकी ड्रा, भोपाल में रेस्टोरेंट के बिल पर छूट जैसे हर शहर में उपहारों की बौछार

ब्रह्मास्त्र इंदौर। मप्र में वैक्सीनेशन का महाअभियान चल रहा है। सेंटरों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस टीकाकरण महा अभियान को सफल बनाने के लिए पूरे प्रदेश में प्रत्येक जिले से लेकर गांव तक अपने अपने ढंग से प्रोत्साहित किया जा रहा है। उद्देश्य एक ही है। लोग अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण केंद्र तक पहुंच सके। ऐसा हो भी रहा है और यह भी लगभग तय माना जा रहा है कि शाम तक अब तक के तमाम रिकॉर्ड टूट जाएंगे। प्रोत्साहन के लिए इंदौर में उपहार, उज्जैन में लकी ड्रा , भोपाल में रेस्टोरेंट के बिल पर छूट, ग्वालियर में नेता और धर्म गुरु स्टार प्रचारक जैसे कई तरीके आजमाए गए हैं। देवास में एक सेंटर पर वैक्सीन के लिए लंबी लाइन लगी हुई है। यही स्थिति अमूमन हर बड़े शहर के हैं।
प्रदेश में 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वैक्सीनेशन का महाअभियान शुरू हो गया। पहले ही दिन सुबह से कई सेंटरों पर लंबी कतारें लग गईं। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर जैसे शहरों में वैक्सीनेशन के लिए ऑफर में इनाम और छुट्‌टी तक दी जा रही है। पहले दिन प्रदेश में 7 हजार सेंटर पर 10 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दतिया जिले के ग्राम परासरी से शामिल हुए।

इंदौर में ऑफर:वैक्सीन लगवाने पर बस में फ्री सफर, जीतें इनाम

इंदौर में वैक्सीन लगवाने के लिए कई सेंटरों को सजाया गया है। सुबह से ही यहां पर लोग पहुंच गए। पात्र 18 प्लस उम्र वाला कोई भी व्यक्ति जिले में बने 1052 केंद्रों में से किसी पर भी जाकर वैक्सीन का पहला या दूसरा डोज लगवा सकता है। यहां कई तरह के ऑफर भी उपलब्ध हैं। नवलखा बस स्टैंड पर यदि आप वैक्सीन लगवाते हैं तो सर्टिफिकेट दिखाकर आप आज प्रदेश के भीतर वहां से चलने वाली बसों में फ्री सफर कर सकते हैं। सी – 21 स्थित माल में वैक्सीन लगाकर फ्रीज, इडली मेकर, मल्टी कुकर, आइसक्रीम कप, कैश कार्ड, फन गेमिंग कार्ड सहित कई आकर्षक इनाम जीत सकते हैं। कलेक्टर ने सभी संस्थाओं से कहा है कि वैक्सीन लगवाने वालों को आधे दिन की छुट्‌टी दें।

उज्जैन में भी भारी उत्साह, इनामों की बौछार

उज्जैन में भी शहर से लेकर ग्राम पंचायत तक वैक्सीनेशन के लिए भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। डेंडिया और मेंडिया ग्राम पंचायतों ने लकी ड्रा रखा है। वहीं आमला में किराने की दुकान पर डिस्काउंट है। कलेक्टर आशीष सिंह ने शत प्रतिशत टीकाकरण करवाने वाली ग्राम पंचायतों को 6 करोड़ 63 लाख रुपए की सौगात दी है।
वैक्सीनेशन के महा अभियान में राजनेता, धर्मगुरू, खिलाड़ी, समाजसेवियों को भी जोड़ा गया है।

भाजपा के पीले चावल

भाजपा कार्यकर्ता मोहल्ले एवं बस्तियों में पीले चावल देकर टीकाकरण केंद्र पर पहुंचने के लिए लोगों को आमंत्रित भी कर रहे हैं। कल भी उन्होंने यह अभियान चलाया। भाजपा ने शहर में हेल्प डेस्क भी लगाई है।

कांग्रेस भी जुड़ी महाअभियान में

टीकाकरण के इस महाअभियान में कांग्रेसी भी जुड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सहित तमाम कांग्रेस के दिग्गजों ने वैक्सीनेशन की अपील जनता से की है। उन्होंने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए वैक्सीनेशन करवाना जरूरी है। यह ऐसा सुरक्षा चक्र है , जिसके दायरे में रहना ही ठीक होगा। अपने-अपने क्षेत्रों में विधायकों तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने भी वैक्सीनेशन की अपील की है। जिन बस्तियों में भ्रम के कारण कई लोग टीके नहीं लगवा रहे थे ,उन बस्तियों में मजहबी रहनुमाओं से अपील करवाई गई है।