March 29, 2024

पाक, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान सभी अखंड भारत के अंग , कांग्रेस ने ली आपत्ति

इंदौर। शहर में भारत के नक्शे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फूटी कोठी चौराहे पर लगाए गए नक्शे में पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान , नेपाल जैसे देशों को भारत के हिस्से के रूप में अखंड भारत बतौर दिखाया गया है।
फूटी कोठी पर यह नक्शा इंदौर नगर निगम द्वारा लगाया गया है, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी का मानना है कि इसका विदेश नीति पर असर पड़ेगा और इससे अन्य देशों से टकराव भी हो सकता है। वहीं इंदौर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि जब भारत अखंड था, तो ये सभी देश भारत के मानचित्र पर थे। लालवानी ने बताया, ‘यह नक्शा किसी की कल्पना हो सकता है कि भविष्य में भारत का स्वरूप पहले जैसा होगा। मुझे नहीं पता कि नक्शा किसने लगाया, लेकिन एक बात पक्की है कि भारत की सीमाएं अतीत में बहुत दूर तक थीं।’
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमीन उल खान सूरी ने कहा, ‘जिस तरह से नगर निगम ने अखंड भारत का नक्शा तैयार किया है, उससे हम पूछना चाहते हैं कि क्या विदेश नीति में कोई बदलाव आया है। जिन देशों को भारतीय क्षेत्र में दिखाया गया है, क्या इससे दोस्ताना रिश्तों पर असर नहीं पड़ेगा।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारियों ने अपने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आकाओं को खुश करने के लिए ये नक्शा बनाया है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसा नक्शा लगाने के पीछे क्या उद्देश्य है। इस नक्शे में संघ के अखंड भारत का विजन दिखाया गया है। यह हेडगेवार का सपना था।
उस क्रम में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, म्यांमार, भूटान, नेपाल, बर्मा, बांग्लादेश, श्रीलंका को अखंड भारत के हिस्से के रूप में दिखाया गया है। नगरपालिका अधिकारी अपने संघ आकाओं को खुश करने के लिए ऐसा करते हैं।

नगर निगम ने दी सफाई, अतिरिक्त आयुक्त ने क्या कहा: – इंदौर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त संदीप सोनी ने अखंड भारत के नक्शे को लेकर कहा कि यह नक्शा करीबन दो साल पुराना है। फूटी कोठी चौक को वैदिक काल की थीम के साथ पुनर्विकास किया गया था, यह नक्शा उस समय ही लगाया गया होगा।’