April 26, 2024

मुंबई में समय से एक दिन पहले पहुंचा मानसून, तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भरा

मुंबई। मानसून ने मुंबई में दस्तक दे दी है। शहर में तेज बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में पानी जमा हो गया है। मौसम विभाग मुंबई के डिप्टी डायरेक्टर जनरनल डॉ. जयंत सरकार के मुताबिक सामान्य तौर पर मुंबई में मानसून हर साल 10 जून को पहुंचता है। लेकिन इस बार समय से एक दिन पहले दस्तक दे दी है। मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए लोकल ट्रेन सेवा को कुर्ला और CSMT स्टेशन के बीच सुबह 9.50 बजे से रोक दिया गया है। मुंबई में भारी बारिश के बीच आज समुद्र में सुबह 11.45 बजे हाईटाइड आ सकती है। इस दौरान 4 से 5 मीटर की लहरें उठने की संभावना है। इस दौरान अगर भारी बारिश जारी रही तो शहर के निचले इलाके पानी में घुटनों तक डूब सकते हैं। इससे कोरोना संक्रमण काल में मुंबई की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी। मुंंबई के निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भरा हुआ है। इससे आने-जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगले कुछ दिन में मानसून तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के बचे हुए सभी हिस्सों में सक्रिय हो जाएगा। अगले 4-5 दिन में छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, गुजरात, तेलंगाना समेत करीब 14 राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है।