April 26, 2024

भोपाल
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आग बबूला हो गए। कमलनाथ के भारत बदनाम वाले बयान पर उन्होंने कमलनाथ को मानसिक रोगी तथा विकृत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का नागरिक कहलाने का नाथ को अधिकार नहीं है। कमलनाथ का बयान देश के साथ गद्दारी है। उन्होंने सोनिया गांधी से आग्रह किया कि वे कमलनाथ को कांग्रेस से बाहर करें। नहीं तो यह माना जाएगा कि कमलनाथ के बयान से सहमत है सोनिया गांधी भी सहमत हैं।
कमलनाथ चाइना के एजेंट- शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी बिफरे। उन्होंने कहा कि कमलनाथ मानसिक दिवालिया हो गए हैं। वे चाइना के एजेंट हैं। यह भारत माता को बदनाम करने का प्रयास है। बयान से देश विरोधी ताकतों को उन्होंने मजबूत किया है। कमलनाथ इटली या पाकिस्तान से संचालित हो रहे हैं।
कमलनाथ जी, आपका यह कृत्य माफी योग्य नहीं – गृहमंत्री
कमलनाथ के मीडिया को दिए गए बयान भारत महान नही बल्कि भारत बदनाम है, पर तीखी आलोचना करते हुये प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने कहा कि कमलनाथ जी आप राजनीति करो, आप व्यक्तिगत आलोचना करो समझ में आता है। आप सरकारों की आलोचना करो चलता है, लेकिन अगर आप देश को बदनाम करने की कोशिश करोगे तो चल नहीं पाओगे। भारत की महानता के बारे में आपके सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। आपके विचार गुलामी की मानसिकता से ग्रसित हैं। दुनिया की नजरों में देश को नीचा दिखाना कांग्रेस और इसके नेताओं का पुराना चरित्र है।