March 29, 2024

उज्जैन । आगर रोड उद्योगपुरी में शुक्रवार सुबह एकाएक काटन फैक्ट्री में आग लग गई। धागे में आग लगने के कारण आग तेजी से फैली। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कपड़ा और धागा होने के कारण आग बढ़ती जा रही थी। इसके चलते सात सौ लीटर फोम डाला गया। जिससे आग पर काबू किया जा सका। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मी आग बुझा पाए। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।चिमनगंज पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह छह बजे आगर रोड उद्योगपुर में काटन फैक्ट्री में आग लग गई थी। सुबह लाइट जाने के बाद जब वापस आई तो शार्ट सर्किट हो गया। आग फैक्ट्री के उस हिस्से में लगी थी जहां पर काफी मात्रा में धागा व अन्य सामान रखा हुआ था। इसके कारण आग वहां तेजी से फैल गई। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी। जिस पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी अंदर की ओर नहीं जा पा रहे थे। इस कारण आग तेजी से बढ़ती जा रही थी।