April 19, 2024

नई दिल्ली

देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। महाराष्ट्र में तो संक्रमितों की संख्या हर रोज नया रिकॉर्ड बना रही है। यहां रविवार को 57,074 केस सामने आए। इसी के साथ यहां कुल संक्रमितों की संख्या 30 लाख के पार हो गई। प्रदेश की राजधानी मुंबई में पहली बार एक दिन में 11 हजार से ज्यादा मरीज मिले। यहां 11,163 केस मिले हैं। मुंबई में अप्रैल के शुरुआती 4 दिन में हर रोज 8 हजार से ज्यादा लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।वहीं यूपी में 4,164 और कर्नाटक में 4553 पॉजिटिव सामने आए हैं। यूपी में सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। महाराष्ट्र के ही पुणे में 12,494 और नागपुर में 4,110 मरीज मिले हैं। नागपुर में 62 मौतें भी हुई हैं।

देश में करीब 93 हजार केस
देश में शनिवार को 92,994 संक्रमितों की पहचान हुई। इस दौरान 60,059 लोग ठीक हुए और 514 लोगों की जान गई। एक दिन में मिलने वाले संक्रमितों की बात करें, तो बीते 199 दिन (साढ़े 6 महीने) बाद इतनी बड़ी संख्या में संक्रमितों की पहचान हुई है। इससे पहले 17 सितंबर को 96,787 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। मौत के मामले में लगातार दूसरे दिन 500 से ज्यादा लोगों की जान गई। इससे पहले शुक्रवार को 713 लोगों की मौत हुई थी।

यूपी में नई गाइडलाइंस जारी
उत्तर प्रदेश में भी अचानक कोरोना के केस बढ़ने के बाद एक्टिव हुई सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके तहत एक मामला मिलने पर 25 मीटर का इलाका कंटेनमेंट जोन बना दिया जाएगा। अगर एक से ज्यादा मामले मिलते हैं तो 50 मीटर दायरे को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा।मल्टिस्टोरी अपार्टमेंट के लिए अलग नियम होंगे। एक मरीज मिलने पर अपार्टमेंट की उस मंजिल को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। एक से ज्यादा मरीज मिलने पर संबंधित ब्‍लॉक सील होगा। 14 दिनों तक एक भी मरीज न मिलने पर ही कंटेनमेंट जोन खत्म होगा।

अक्षय कुमार कोरोना पॉजिटिव
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार कोरोना की चपेट में आ गए हैं। अक्षय ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मैं सभी को बताना चाहता हूं कि आज सुबह मेरा कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। सभी प्रोटोकॉल्स को ध्यान में रखते हुए मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। मैं होम क्वारैंटाइन में हूं और जरूरी मेडिकल मदद ले रहा हूं। मेरे सम्पर्क में आने वाले सभी लोग जल्द से जल्द से अपना टेस्ट करवाएं। जल्द ही एक्शन में वापस आऊंगा।

देश में अब तक 1.24 करोड़ लोग महामारी की चपेट में आए
देश में अब तक करीब 1.24 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.16 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.64 लाख ने जान गंवाई है। 6.87 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

  • कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर महाराष्ट्र में पहली से 8वीं क्लास तक की परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को कहा कि कक्षा के 1 से 8 तक के सभी छात्रों को बिना परीक्षा के पास किया जाएगा। अगले आदेश तक सभी स्कूल भी बंद रहेंगे।
  • बिहार सरकार ने स्कूल-कॉलेजों को 12 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला लिया है। शनिवार को CM नीतीश कुमार की समीक्षा बैठक के तुरंत बाद हुई क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग में यह फैसला लिया गया।
  • ओडिशा का जगन्नाथ मंदिर 4 अप्रैल से हर रविवार को सैनिटाइजेशन के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान भक्त दर्शन नहीं कर पाएंगे। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
  • नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को श्रीनगर के हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उनके बेटे उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। फारूक की कोरोना रिपोर्ट 30 मार्च को पॉजिटिव आई थी।
  •  मध्यप्रदेश
    यहां शनिवार को 2,839 नए मरीज मिले। 1,791 लोग ठीक हुए, जबकि 15 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.03 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.79 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,029 की मौत हुई है। फिलहाल 20,369 लोगों का इलाज चल रहा है।