April 18, 2024

उज्जैन।

उज्जैन में आज रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। कोरोना से सुरक्षा के चलते प्रशासन ने रविवार को लॉकडाउन लगाने की घोषणा करते हुए इसके आदेश जारी किए है। यही नहीं अब हर रविवार को उज्जैन में लॉकडाउन लगेगा।

यह निर्णय शनिवार को जिला क्राइसिस कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह के साथ सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। सभी ने तय किया कि बढ़ते कोरोना वायरस को रोकने के लिए हर रविवार को ही लॉक डाउन उज्जैन में लगाया जाए। लॉकडाउन के दौरान इमरजेंसी को देखते हुए सुबह 6 से 10 बजे तक व शाम 6 से रात 8 बजे तक दूध और मेडिकल आदि जरूरी सेवाओं की दुकानें खुली रहेंगी। लॉकडाउन शनिवार की रात 10 बजे से ही शुरू हो गया जो सोमवार की सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान सड़कों पर बिना किसी इमरजेंसी के बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं रहेगा। क्योंकि शहर के हर चौराहों पर पुलिस तैनात रहेगी। प्रशासन अनावश्यक रूप से बाहर निकलने वालों पर सख्त कार्रवाई कर सकता है। कलेक्टर आशीष सिंह ने इसके आदेश जारी कर कहा कि आम नागरिक लॉकडाउन के दौरान अपने घरों में परिवार के साथ सुरक्षित रहे। प्रशासन ने लॉकडाउन के दौरान केवल इमरजेंसी सेवा मानते हुए मेडिकल, पेट्रोलपंप आदि खोलने की अनुमति दी है। इसके अलावा बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे।

जिले की सीमाएं सील रहेगी, शहर में बेरिकेडिंग

लॉकडाउन के दौरान उज्जैन शहर की सभी सीमाएं सील रहेगी। कोई भी वाहन अंदर-बाहर आ जा न हीं सकेगा। सभी जगह प्रशासन व पुलिस के अधिकारी तैनात रहेंगे। इमरजेंसी के अलावा अन्य वाहनों को लौटा दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में प्रमुख चौराहों पर बेरिकेडिंग की जाएगी।

दूसरे दौर के कोरोना का आज पहला लॉकडाउन होगा 

दूसरे दौर का कोरोना फैलने के बाद शहर में आज रविवार को यह पहला लॉकडाउन रहेगा। पिछले साल इसी समय शासन-प्रशासन ने सख्ती कर लॉकडाउन लगाया था। और कई महीनों तक लगातार लोगों को अपने घरों में ही रहना पड़ा था। लॉकडाउन खुलने के बाद यह दूसरे दौर का कोरोना शुरू हुआ और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पॉजीटीव निकल रहे हैं। फिलहाल रविवार के लॉकडाउन की घोषणा की गई है। लेकिन चर्चा है कि आने वाले समय में यदि मरीज बड़े तो अन्य शहरों की तरह उज्जैन में भी लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है। 

–