April 20, 2024

मुंबई

महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी है। शनिवार को एक बार फिर यहां 35 हजार से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए तो 166 लोगों की मौत हो गई। पिछले साल अक्टूबर के बाद से एक दिन में सबसे अधिक मौतें हुई हैं। मुंबई में भी पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 6 हजार से अधिक मरीज मिले हैं। देश में सर्वाधिक कोरोना केस महाराष्ट्र में मिल रहे हैं। शनिवार को राज्य में 35,726 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद यहां मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 26 लाख 73 हजार 461 हो गई है। 24 घंटे में 166 लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 54,073 हो गई है। 24 घंटे में राज्य में 14,523 मरीज डिस्चार्ज किए गए। अब तक कुल 23,14,579 लोग यहां कोरोना को मात दे चुके हैं। राज्य में अब कुल एक्टिव केसों की संख्या तीन लाख के पार चली गई है। यहां देश के सर्वाधिक 3,03,475 एक्टिव केस हैं। मुंबई की बात करें तो यहां पिछले 24 घंटों में 6123 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। देश की आर्थिक राजधानी में अब तक कुल 3,91,751 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं।